न्यूजीलैंड दौरे से पहले गिल ने विलियमसन से ली मदद:ऑकलैंड में कुछ दिन किया अभ्यास, कीवी दिग्गज बोले- उनमें सीखने की गजब की भूख

Writing भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी के लिए पूर्व कीवी कप्तान केन विलियमसन की मदद ली। गिल पिछले महीने ही ऑकलैंड पहुंच गए थे, जहां विलियमसन ने उनके और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के लिए कुछ दिनों के अभ्यास का इंतजाम किया। दोनों गुजरात टाइटंस (GT) में साथ खेल चुके हैं। विलियमसन ने बताया कि गिल इंग्लैंड दौरे से पहले भी उनसे बल्लेबाजी की तकनीक पर चर्चा कर चुके हैं। अपनी आत्मकथा 'द बेयर मार्जिन्स' (The Bare Margins) के लॉन्च के मौके पर टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में विलियमसन ने गिल के साथ अपने रिश्ते, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर बात की। उन्होंने गिल को खेल का सच्चा विद्यार्थी बताते हुए उनकी सीखने की ललक की तारीफ की। विलियमसन बोले- गिल खेल के सच्चे विद्यार्थी विलियमसन से पूछा गया कि क्या गिल टेस्ट सीरीज से पहले उनसे बल्लेबाजी को लेकर सलाह लेते हैं? इस पर कीवी बल्लेबाज ने कहा, ‘शुभमन एक बेहतरीन इंसान होने के साथ-साथ खेल के सच्चे विद्यार्थी हैं। हमारा रिश्ता काफी पुराना है। हम गुजरात टाइटंस में साथ खेल चुके हैं। वे समय-समय पर बल्लेबाजी की बारीकियों पर चर्चा करने के लिए मुझसे संपर्क करते रहते हैं। एक बल्लेबाज के तौर पर खुद को बेहतर बनाने की उनकी भूख काबिले-तारीफ है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘वे लगातार खुद को बेहतर करना चाहते हैं। यही वजह है कि उनका करियर लगातार आगे बढ़ रहा है। सीखने की उनकी ललक उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।’ विलियमसन को न्यूजीलैंड में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल और भारतीय टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा था। क्या न्यूजीलैंड का दौरा गिल के करियर की सबसे बड़ी चुनौती होगा? इस सवाल पर विलियमसन ने कहा, ‘इंग्लैंड में उन्होंने और पूरी टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। मैं उन्हें न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते देखने के लिए उत्साहित हूं। वे वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज हैं और मुझे यकीन है कि यहां बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठाएंगे।’ उन्होंने कहा कि किसी भी मेहमान टीम के लिए न्यूजीलैंड की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं, लेकिन टेस्ट सीरीज शुरू होने पर गिल इस चुनौती के लिए तैयार रहेंगे। वेलिंगटन की तेज हवाओं में बैलेंस बनाए रखना जरूरी वेलिंगटन के मैदान पर चलने वाली तेज हवाएं (क्रॉसविंड्स) बल्लेबाजों के लिए भी चुनौती बनती हैं। इस बारे में विलियमसन ने कहा, 'तेज क्रॉसविंड्स कभी-कभी बल्लेबाज का स्टांस तक बिगाड़ सकती हैं। इसलिए इसके लिए तैयार रहना जरूरी है। बल्लेबाज को यह भी समझना होता है कि हवा किस दिशा में बह रही है। अगर हवा गेंदबाज के विपरीत दिशा में हो, तो एक छोर से गेंद दूसरे छोर की तुलना में धीमी आ सकती है।' दोनों टीमों के बल्लेबाजों को सलाह देते हुए विलियमसन ने कहा कि इसके लिए तकनीक में बड़े बदलाव करने की जरूरत नहीं है। बल्लेबाजी में बैलेंस सबसे जरूरी है। क्रीज पर खुद को शांत और संतुलित रखकर ही तेज हवाओं का सामना किया जा सकता है। सिराज से लंबे स्पेल की उम्मीद विलियमसन का मानना है कि न्यूजीलैंड की तेज हवाओं में गेंदबाजी करना बल्लेबाजी से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए कहा, ‘गेंदबाजों के लिए यहां चुनौती ज्यादा बड़ी होगी। मुझे उम्मीद है कि भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज सबसे ज्यादा जिम्मेदारी उठाएंगे, क्योंकि वे बड़े दिल वाले गेंदबाज हैं और लंबे स्पेल डाल सकते हैं।’ -------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा:गिल बोले-पुरानी गेंद से असरदार गेंदबाजी करने वाला बॉलर चाहिए,पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में 7 बल्लेबाज और 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, प्लेइंग-11 में किन चार पेसर्स को मौका मिलेगा, यह तय होना बाकी है। पूरी खबर

via स्पोर्ट्स | दैनिक भास्कर https://ift.tt/u1fKTQi
https://ift.tt/9OK2YhB
Previous
Next Post »

If You Have Any Doubt Please Let Me Know
Thank You ConversionConversion EmoticonEmoticon